कैथल: रोहतक की चिन्योट कॉलोनी में शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दूल्हे के पिता द्वारा डीजे नाइट पर हर्ष फायरिंग की गई। हर्ष फायरिंग में वीडियोग्राफर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान पानीपत के नूरवाला निवासी अंकित रोहिल्ला के रूप में हुई है। गोली अंकित की बाजू को चीरती हुई छाती में जा धंसी। फिलहाल युवक का रोहतक के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में हैंडलूम कारोबारी लाजपत राय तागरा अपने बेटे मयंक की डीजे नाइट पर महिलाओं के साथ डांस करते दिख रहे हैं।
उनके हाथ में एक लोडेड पिस्टल है जिसे वह काफी देर तक हवा में लहराते रहे। मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 9:31 बजे लाजपत ने पहली बार हवा में फायरिंग की कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण गोली नहीं चली। इसके बाद भी वह नहीं रुके और लगातार पिस्टल को लोड करने का प्रयास करते रहे। करीब 10 मिनट बाद, जैसे ही उन्होंने पिस्टल को जमीन की तरफ झुकाकर ट्रिगर दबाया, गोली चल गई और सीधे सामने वीडियो बना रहे अंकित को जा लगी। “शुरुआत में लगा गोली सिर्फ बाजू में लगी है, लेकिन एक्सरे में पता चला कि गोली शरीर के अंदरूनी हिस्से से होते हुए छाती तक पहुंच गई है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी है, लेकिन अंकित अभी भी आईसीयू में है।”
वहीं आर्य नगर थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना और संबंधित वीडियो मिल चुका है। पुलिस ने आरोपी कारोबारी के खिलाफ मामला संज्ञान में लिया है। हालांकि, घायल वीडियोग्राफर अंकित अभी ‘अनफिट’ (बयान देने की स्थिति में नहीं) है। डॉक्टरों की अनुमति मिलते ही उसके बयान दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, जब इस मामले में आरोपी पक्ष का रुख जानने की कोशिश की गई, तो उनके परिवार ने केवल इतना कहा कि लाजपत राय घर पर मौजूद नहीं हैं।
