श्री अकाल तख्त साहिब की कमेटी को भेजा पत्र
चंडीगढ़ः ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) एक्ट, 2026’ के कुछ प्रावधानों को लेकर व्यक्त की जा रही चिंताओं को दूर करने और आपसी सहमति बनाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार द्वारा गठित की गई तालमेल कमेटी की चौथी बैठक 3 दिन पहले हुई। जिसके बाद आज तालमेल कमेटी की ओर से श्री अकाल तख्त साहिब की कमेटी को पत्र भेजा गया। ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट, 2026’ को लेकर 18 नवंबर को बैठक चर्चा का प्रस्ताव भेजकर आमंत्रित किया गया। यह बैठक दोपहर 12 बजे अमृतसर के सर्किट हाउस में होगी।
जहां एक्ट में संशोधन और श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों के पालन को लेकर चर्चा होगी। कमेटी ने सिख समुदाय की भावनाओं के अनुरूप इस मामले का गंभीरतापूर्वक समाधान निकालने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित 5 सदस्यीय कमेटी से भी बैठक वाले दिन सहयोग करने की अपील की है। तालमेल कमेटी के सदस्यों के अनुसार कमेटी ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) एक्ट, 2026’ में आवश्यक संशोधनों को लेकर विचार-विमर्श करने के लिए सदैव तैयार है और इस दिशा में अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रही है।
उल्लेखनीय है कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से पत्र संख्या अ.त./26/248, दिनांक 31 जुलाई, 2026 के द्वारा पंजाब सरकार को लिखा गया था कि राज्य सरकार द्वारा बनाए गए ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) एक्ट, 2026’ पर विचार-विमर्श और सहमति बनाने के लिए श्री अकाल तख्त साहिब की पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई है और सरकार इस कमेटी के साथ संपर्क स्थापित कर कानून के संबंध में सहमति बनाए। राज्य सरकार ने श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों का पालन करते हुए 7 सदस्यीय तालमेल कमेटी का गठन किया था।
ग़ौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा गठित उच्चस्तरीय 7 सदस्यीय कमेटी में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, दमदमी टकसाल के प्रमुख संत ज्ञानी हरनाम सिंह ख़ालसा, संत बाबा सेवा सिंह रामपुर खेड़ा, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जसपाल सिंह, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) गुरबीर सिंह, सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी जतिंदर सिंह औलख तथा लॉ ऑफिसर प्रीत इंदर पाल सिंह शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पीसीएस अधिकारी हरजीत सिंह संधू को कमेटी का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। तालमेल कमेटी के सदस्यों ने कहा कि 18 नवंबर को होने वाली बैठक का उद्देश्य इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर रचनात्मक और सार्थक बातचीत को सुखद बनाना है और साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान सभी संबंधित सुझावों और विभिन्न दृष्टिकोणों पर उचित ढंग से विचार किया जाए।
