हमीरपुरः दीपावली का त्योहार नजदीक होने की वजह से पड़ोसी जनपदों से भी बड़ी संख्या में किन्नरों की आमद-रफ्त होने लगी है। जो दिन में बाजारों में दुकानदारों से वसूली करते हैं और रात होते ही हाईवे में वाहनों से वसूली करने पहुंच जाते हैं। वहीं सदर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर किन्नरों के 2 गुटों में झड़प हो गई। मिली जानकारी के अनुसार यमुना नदी के पुल के पास वसूली करने वाले किन्नरों पर शहर के किन्नरों ने हमला कर दिया।
View this post on Instagram
नेग को लेकर शुरू हुए इस झगड़े में गाली-गलौज के बाद हाथापाई भी हुई। दोनों ओर से जमकर मुक्के और लात-घूंसे मारे गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाते हुए खूब हंगामा किया। बाहर रोड पर तालियां बजा-बजाकर एक-दूसरे के साथ गालीगलौज करते रहे। दोनों ही पक्ष कोतवाली पहुंचे। दोनों पक्षों को शांत कराया गया। एक पक्ष ने पुलिस को शिकायत भी दी है। फिलहाल अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। मारपीट की वजह को लेकर आरोप है कि हाईवे पर ट्रकों और दुकानदारों से गलत तरीके से वसूली की जा रही थी।
कुछ लोग क्षेत्र के बंटवारे को लेकर भी विवाद की बात कह रहे हैं। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद की मुख्य वजह नेग ही है। इस संबंध में कोतवाल विनोद कुमार का कहना है कि 2 किन्नरों आजाद किन्नर एवं मुस्कान किन्नर तथा उनके साथियों के बीच नेग को लेकर विवाद हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज एवं मारपीट हुई। दोनों पक्ष थाने आए थे, जहां उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया। शिकायत के आधार पर मेडिकल कराया जा रहा है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
