मऊः दीपावली के पर्व को लेकर लगातार पुलिस द्वारा अवैध पटाखों के गोदामों पर दबिश दी जा रही है। वहीं कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा कस्बे में पुलिस ने एक मकान में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मकान से अवैध रूप से रखे गए पटाखों की खेप बरामद की। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से पटाखा विक्रेता नंदन गुप्ता को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदारा कस्बे स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही सीओ घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी एवं कोपागंज थाने की पुलिस टीम ने संबंधित मकान की जांच की। इस दौरान वहां रखे 18 गत्तों और 5 बोरों में पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी है। मौके से नंदन गुप्ता को हिरासत में ले लिया है। सीओ ने आमजन से अपील किया है कि पटाखों का अवैध भंडारण और बिक्री न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
