श्री मुक्तसर साहिबः जिले में 25 से 30 अज्ञात युवकों द्वारा एक समोसे की दुकान को निशाना बनाया गया। तेजधार हथियारों और गंडासों से लैस युवकों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में युवक गंडासों से दुकान का सामान तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इस घटना के दौरान किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। वहीं दुकानदार ने पुलिस से इंसाफ की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं घटना की सामने आई सीसीटीवी फुटेज में हमलावर गंडासों और अन्य तेजधार हथियारों से दुकान पर हमला करते और सामान की तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं।
इस दौरान दुकान में रखी कुर्सियों और मेजों को तोड़ दिया गया, जबकि समोसे तैयार करने के लिए रखा कच्चा सामान भी सड़क पर बिखेर दिया गया। हमले के दौरान दुकान को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। दुकान के मालिक ने बताया कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल रही थीं।
परिवार का कहना है कि हमला करने वाले कुछ व्यक्ति श्री मुक्तसर साहिब के ही रहने वाले हैं। परिवार की ओर से पुलिस को कुछ व्यक्तियों के नाम भी दिए गए हैं, जबकि बाकी कई व्यक्तियों की पहचान अभी सामने नहीं आई है।पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग करते हुए हमले में शामिल सभी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मौके पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर गुरदित्ता सिंह ने बताया कि पुलिस को दुकान पर तोड़फोड़ होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि दुकानदार के बयानों के अनुसार 25 से 30 व्यक्ति हथियारों सहित आए थे और उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ की। सब-इंस्पेक्टर गुरदित्ता सिंह द्वारा पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और बयानों तथा जांच के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
