वडोदरा: जिले के मेटपुर गांव स्थित घर में एक पिता द्वारा बेटी की हत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बेटी का गांव में दूसरी जाति के युवक के साथ रिलेशन था, जिसे पिता ने समझाया भी था लेकिन बेटी ने इसे मजाक समझकर बात हल्के में ले लिया। वहीं बताया जा रहा है कि सानिया ने रिश्ते को खत्म करने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद पिता ने बेटी की हत्या कर दी। हत्या के बाद पिता ने आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। वह बेटी के शव को अस्पताल ले गया और दावा किया कि उसने आत्महत्या कर ली है।
मामले में खंभात टाउन पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज किया था लेकिन बाद में पुलिस ने पिता कौशल के खिलाफ FIR दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने इस अर्जी को खारिज कर दिया और उसे न्यायिक हिरासत (ज्यूडिशियल कस्टडी) में भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम को परिवार ने एक साथ दिवाली मनाई थी और देर रात सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। तड़के करीब 3.15 बजे जब परिवार के बाकी सदस्य जिनमें कौशल के बुजुर्ग माता-पिता भी शामिल थे सो रहे थे, तब उसने रसोई में सानिया से उसके रिश्ते को लेकर सवाल-जवाब किए।
कौशल इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था, क्योंकि वह युवक दूसरी जाति का था। पुलिस ने बताया कि बहस के दौरान कौशल ने अपनी बेटी से कहा कि वह उसका गला घोंट सकता है। सानिया ने पहले तो इसे मजाक समझकर टाल दिया। जिसके बाद कौशल ने कथित तौर पर उसका दुपट्टा पकड़ा और उससे उसका गला घोंट दिया। उसने तब तक दबाव बनाए रखा जब तक कि सानिया जमीन पर गिर नहीं गई।
हत्या के बाद कौशल और परिवार के अन्य सदस्यों ने इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। वे सुबह करीब 5 बजे सानिया के शव को खंभात जनरल अस्पताल ले गए और दावा किया कि उसने खुदकुशी कर ली है।
हालांकि, डॉक्टरों को हालात संदिग्ध लगे और उन्होंने फॉरेंसिक पोस्टमार्टम की सलाह दी। जिसके बाद शव को जांच के लिए करमसद के श्री कृष्ण अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम से पता चला कि सानिया की मौत गला घोंटे जाने के कारण हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने उसकी मौत से जुड़े हालात की जांच शुरू की और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कौशल टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने वह दुपट्टा भी बरामद कर लिया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर हत्या के लिए किया गया था, साथ ही कुछ अन्य सबूत भी मिले हैं।
