नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का प्रकोप लगातार जारी है। 15 नवंबर को भी दिल्ली की हवा बेहद जहरीली बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सुबह 6 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के करीब 9 से 10 इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है।
IIT दिल्ली में सबसे अधिक AQI 426 दर्ज किया गया। जिसके बाद नरेला में 417 और ITO में 415 रहा। द्वारका में AQI 407 और जाफरपुर में 406 दर्ज किया गया। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में AQI 404 रहा। वहीं, पूसा में 402 और बुराड़ी क्रॉसिंग पर 401 दर्ज किया गया।
राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। मथुरा रोड पर AQI 394, पंजाबी बाग में 387, चांदनी चौक में 386 और JNU में 385 दर्ज किया गया। इसके अलावा वसुंधरा एन्क्लेव में 380, तालकटोरा गार्डन में 375, विवेक विहार में 374, सिरी फोर्ट में 369 और छावला में 366 AQI रहा।
CPCB के मानकों के अनुसार, 401 से 500 के बीच AQI को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है, जबकि 301 से 400 के बीच का स्तर बहुत खराब माना जाता है। प्रदूषण का यह स्तर स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। खासकर सांस और हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान जताया है। बारिश सुबह और दोपहर से पहले होने की संभावना है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने राजधानी के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय धुंध या हल्का कोहरा भी छा सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, हल्की बारिश से हवा में मौजूद प्रदूषण के कण जमीन पर बैठ सकते हैं, जिससे कुछ समय के लिए प्रदूषण के स्तर में कमी आ सकती है। हालांकि, बारिश कुछ ही इलाकों में होने की संभावना है, इसलिए इससे मिलने वाली राहत सीमित और अस्थायी रह सकती है। प्रदूषण में कितनी कमी आएगी, यह हवा की गति और बारिश की तीव्रता पर निर्भर करेगा।
