बठिंडा: जिले के बीबी वाला रोड पर आज उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सिल्वर ओक्स स्कूल की बस में अचानक आग लग गई। हादसे के समय बस में स्कूल की छुट्टी के बाद घरों को लौट रहे 43 बच्चे सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार, जब बस बीबी वाला रोड पर पहुंची तो अचानक उसमें से आग की लपटें निकलने लगीं। आग लगते ही बस में सवार बच्चों में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए ड्राइवर ने तुरंत राहगीरों से मदद मांगी और बस के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
ड्राइवर की सूझबूझ और राहगीरों की मदद से बस में सवार सभी 43 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी बच्चे के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। ड्राइवर ने प्रारंभिक जानकारी देते हुए बताया कि बस में तारों के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के असली कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। बस की तकनीकी स्थिति और आग लगने के असली कारणों के संबंध में जांच के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी।

