गुरदासपुर: पंजाब के फिरोजपुर में आज सुबह कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इमारत को खाली करवाया गया था। वहीं अब गुरदासपुर के डिप्टी कमिश्नर दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, दफ्तर को धमकी भरी ई-मेल मिली, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट हो गए। ऐसे सुरक्षा के मद्देनजर डीसी दफ्तर को खाली करवा दिया गया है।
पुलिस ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी है और आने-जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसएसपी आदित्य भी टीम के साथ पहुंचे। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें पूरे परिसर की जांच कर रही हैं। फिलहाल धमकी भरी ई-मेल की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ई-मेल किसने और किस मकसद से भेजी है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर प्रशासन की ओर से जांच जारी है।