पटियालाः समाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने 2 नवंबर 2026 को आप पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। वहीं आज भाजपा नेता चेतन सिंह जौड़ामाजरा को केंद्र सरकार की ओर से Y श्रेणी की सुरक्षा मुहैया करवाई गई। ऐसे में उनके निवास स्थान पर केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा कर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं और उनके निवास स्थान की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाया था कि जिन कुंवर विजय प्रताप सिंह, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ पहले ही पार्टी-विरोधी गतिविधियों के आरोपों में अनुशासनात्मक कार्रवाई कर चुकी है, उन्हें अब भाजपा ने अपने खेमे में कैसे शामिल कर लिया।
आप पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि पार्टी ने अपने नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ भी आरोप सामने आने पर कार्रवाई की है, जबकि भाजपा गंभीर आरोपों का सामना कर रहे नेताओं को शामिल कर रही है। आप अपने संगठनात्मक अनुशासन को इस मामले में एक प्रमुख राजनीतिक मुद्दे के रूप में सामने रख रही है। आप पार्टी का कहना है कि उसका संगठन किसी एक नेता के बजाय कार्यकर्ताओं, सामूहिक नेतृत्व और जनता से जुड़े मुद्दों के आधार पर काम करता है।

