लुधियानाः मॉडल टाउन एक्सटेंशन इलाके में देर रात उस समय दहशत का माहौल बन गया जब राइटवे वीजा कंसल्टेंट्स के दफ्तर पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मिली जानकारी के अनुसार देर रात बाइक पर दो अज्ञात बदमाश आए थे। इनमें से पीछे बैठे युवक ने दफ्तर को निशाना बनाते हुए करीब 2-3 राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गए।
एसएचओ मॉडल टाउन ने बताया कि यह देर रात का मामला है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है। पीड़ित के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी जांच और कार्रवाई शुरू की जा रही है। अब तक की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़ित को पहले भी कुछ धमकियां (थ्रेट्स) मिली थीं और पैसों की मांग की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पैसों की मांग कौन कर रहा था और कितनी रकम मांगी गई थी। एसएचओ ने बताया कि पीड़ित के आधिकारिक बयान दर्ज होने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी और पता चल सकेगा कि इस फायरिंग के पीछे किसका हाथ है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी और जांच कर रही है।
