चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्यभर में अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ शिकंजा और कस दिया है। खनन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए पंजाब के खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने रात के समय कार्रवाई करते हुए ज़िला रूपनगर के चमकौर साहिब क्षेत्र में अवैध खनन में शामिल पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में खनन विभाग के जूनियर इंजीनियर-कम-खनन निरीक्षक की शिकायत पर खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4(1) और 21(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गोयल ने कहा कि मान सरकार राज्य के लोगों को खनिजों की कानूनी, पारदर्शी और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अवैध खनन के कारण राज्य के प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने या सरकारी खजाने को क्षति पहुंचाने की किसी को भी अनुमति नहीं दी जाएगी।
