बरनालाः गांव संघेड़ा में 5 वर्षीय बच्चे के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट और प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। बच्चा सिविल अस्पताल बरनाला में इलाज के लिए भर्ती हैं। आरोप है कि बच्चे की चाची ने उसे डंडों से पीटा और गर्म तवे व लोहे के चिमटे से शरीर पर दागा। बच्चे के शरीर पर चोट और जलने के गहरे निशान मिले हैं। जानकारी अनुसार बच्चा जब इन चोटों के निशानों के साथ स्कूल पहुंचा तो किसी ने उसका वीडियो और तस्वीरें बना लीं। बाद में वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद पटियाला की समाजसेवी संस्था ‘अपना फर्ज सेवा सोसायटी’ के प्रमुख जत्थेदार सतपाल सिंह पाल खरोड़ अपनी टीम के साथ गांव संघेड़ा पहुंचे। उन्होंने पंचायत, ग्रामीणों, पुलिस और बाल विकास विभाग की मदद से बच्चे को तत्काल बरनाला के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।
पीड़ित बच्चे के पिता मूल चंद ने बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। पड़ोस में रहने वाले उसके बड़े भाई की 4 बेटियां हैं और कोई बेटा नहीं था। इसलिए करीब ढाई साल पहले उन्होंने अपने छोटे बेटे को बड़े भाई को गोद दे दिया था। वह रोज सुबह मजदूरी के लिए घर से निकल जाते थे और देर शाम लौटते थे। इसी कारण उन्हें बच्चे के साथ कथित तौर पर हो रही मारपीट की जानकारी नहीं मिल पाई।
बच्चे ने बताया कि उसकी चाची उसे डंडों से बुरी तरह पीटती थी। आरोप है कि वह गर्म तवे और लोहे के चिमटे से उसके शरीर को दागती थी। बच्चे के अनुसार, कई बार उसे कड़ी धूप में हाथ में पानी की भारी बोतल देकर घंटों खड़ा रखा जाता था। बच्चे के पिता ने आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सिविल अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डाक्टर अंकुश जिंदल ने बताया कि बच्चे का मेडिकल चेकअप किया गया है। उसके शरीर पर चोट और जलने के कई निशान मिले हैं। वार्ड में उसका इलाज चल रहा है। बाल सुरक्षा विभाग की टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना सिटी-वन बरनाला के प्रभारी इंस्पेक्टर लखवीर सिंह ने बताया कि पुलिस अस्पताल से बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट हासिल करने व स्वजनों के बयान के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।