नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भारत ने अमेरिका के साथ समझौता किया है। इसके अंतर्गत उसे अपने सामान के लिए अमेरिकी बाजार में विशेष पहुंच मिलेगी। इस समझौते के अंतर्गत भारत को अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम इंपोर्ट ड्यूटी का भी फायदा मिलेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पीयूष गोयल ने बताया कि यह सहमति पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच में तब बनी थी। जब दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क की घोषणा की थी। फिलहाल इस समझौते के पहले चरण को अंतिम रुप देने के लिए बातचीत चल रही है।
राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी में बनी थी सहमति
2 दिनों के मिस्न दौरे के दौरान काहिरा में मीडिया से बात करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि – राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच पहले इस बात पर सहमति बनी थी। कुछ महीने पहले जब उन्होंने एक फ्रेमवर्क समझौते की घोषणा की थी तब यह तय हुआ था कि भारत को अमेरिकी के बाजार में खास व्यापार पहुंच मिल जाएगा। हमारी प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में भारत को कम इंपोर्ट ड्यूटी भी देनी पड़ेगी।
टैरिफ के चलते हुई देरी
भारत और अमेरिका ने फरवरी में अपने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए फ्रेमवर्क को आखिरी रुप दिया था। इस समझौते पर पहले ही साइन होने की उम्मीद थी परंतु अमेरिका के टैरिफ ढांचे में बदलाव के चलते आगे और बातचीत करनी पड़ी।
अब हाल ही में एक अधिकारी ने बताया है कि वॉशिंगटन ने नई दिल्ली को आश्वासन दिया है कि प्रस्तावित समझौते के अंतर्गत भारतीय सामानों को टैरिफ मामले में ज्यादा फायदा मिलेगा। दोनों पक्ष वित्त वर्ष के अंत तक पहले चरण को पूरे करने के लिए काम कर रहे हैं। एक अधिकारी ने पिछले हफ्ते कहा कि – ‘हमें देखना पड़ेगा कि टैरिफ ढांचा किस तरह से सामने आएगा। हम इस वित्त वर्ष के आखिर तक पहले चरण को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे है। पहले चरण और BTA को लेकर बातचीत भी चल रही है। बातचीत पर अमेरिकी व्यापार नीति में आए बदलावों का भी असर पड़ेगा। सु्प्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ को रद्द किए जाने के बाद ऐसा हुआ है’।
