अमृतसरः मजीठा रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी में कत्ल के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, 67 साल वीना रानी का कत्ल करके आरोपी शव को बेड पर छोड़कर फरार हो गए थे। इस मामले को लेकर परिजनों ने किराएदार पर हत्या का शक जताया था। वहीं थाना सदर पुलिस ने मकान मालिक की हत्या के मामले 2 किराएदारों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरदेव सिंह और शमशेर सिंह उर्फ शेरा के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने विशेष कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए घए सोने के आभूषण भी बरामद किए है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, एक तेजधार चाकू और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान इस मामले में अहम साक्ष्य के तौर पर पेश किया जाएगा।
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों, तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कब और किस मकसद से रची गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।