लुधियानाः जिले के लुधियाना-फिरोजपुर मार्ग सिद्धवां नहर के बीच स्थित खड़ी गेहूं की फसल को आग लगने की घटना सामने आई है। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। घटना को लेकर लोगों द्वारा दमकल विभाग को सूचना दी गई। वहीं लोगों ने खुद भी आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग अधिक होने के कारण काबू पाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिसके बाद घटना स्थल पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मिली जानकारी के अनुसार यह जमीन गुरुद्वारा श्री ठढ़ा साहिब 6वीं पातशाही अय्याली कलां की शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मलकीयत वाली खेतीबाड़ी की जमीन है, जिसे उन्होंने ठेके पर दिया हुआ है। आज इन खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई।
बताया जा रहा है कि घटना में 6 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टरों, पानी वाले टैंकरों और दमकल विभाग की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। मामले की जानकारी देते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मैनेजर गुरचरण सिंह पुरबा ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
