आढ़ती-किसानों ने किया सेक्रेटरी का समर्थन, बोले – अब सही हाथों में ठेका
लुधियानाः पंजाब की सबसे बड़ी मंडियों में से एक लुधियाना की सब्जी मंडी में पार्किंग का कॉन्ट्रैक्ट एक बार फिर विवादों में आ गया है। कुछ दिन पहले, एक और कॉन्ट्रैक्टर राजू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर अपना कॉन्ट्रैक्ट छोड़ दिया था जिसके बाद पार्किंग का ठेका सेक्रेटरी की ओर से संभाला लिया गया है। वहीं आज सुबह, ठेकेदार ने सेक्रेटरी हरेंद्र गिल के पोस्टर हाथ में लेकर उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और अभी भी लोगों से ज्यादा पैसे वसूले जाने के आरोप लगाए। दूसरी ओर आढ़तियों और किसानों का कहना है कि जब से सेक्रेटरी के हाथ में कमान आई है तब से उन्हें काफी राहत मिल रही है और उनसे किसी तरह का ओवरचार्ज नहीं किया जा रहा है।
जानकारी देते कॉन्ट्रैक्टर राजू ने बताया कि सेक्रेटरी ने खुद उससे कहा था कि आप ज्यादा पैसे वसूलों, इससे आपका नुकसान पूरा हो जाएगा। जब उसने ज्यादा पैसे वसूले, तो उस पर जुर्माना लगा दिया गया और उससे रिश्वत की भी मांग की गई। उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने सेक्रेटरी की शिकायत भी की हुई है। इसी शिकायत के बाद उन पर 15 लाख का जुर्माना लगा दिया। उन्होंने अब अपना ठेका छोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाए कि अभी भी ओवरचार्जिंग लगाई जा रही है इस ओर भी ध्यान देना चाहिए और उन पर भी अब जुर्माना लगाना चाहिए।
वहीं, सेक्रेटरी हरेंद्र गिल ने कहा कि कॉन्ट्रैक्टर द्वारा उन पर दबाव डालने की जो कोशिश की जा रही है, वह कामयाब नहीं होगी। इससे पहले भी जो कोशिश की गई थी, वह भी कामयाब नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि राजू ठेकेदार के खुद के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे हैं। वह झूठे आरोप लगाकर बच नहीं सकेगा। उन्होंने साफ किया कि अगर वह उनसे रिश्वत लेते होते तो वह उसे जुर्माना क्यों लगाते। इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए कि कौन दोषी है और उसके बाद दोषी पर कार्रवाई भी की जाए।
दूसरी ओर, मंडी के कुछ दुकानदारों, आढ़तियों और किसानों ने सेक्रेटरी हरेंद्र गिल के समर्थन में नारे लगाए और कहा कि अब यह कॉन्ट्रैक्ट जिसके पास गया है, वह सुरक्षित हाथों में है। अब उनसे किसी तरह का कोई ओवरचार्ज नहीं किया जा रहा है। पहले उनसे वर्ग के हिसाब से पैसे वसूलें जाते थे और अगर कोई नहीं देता था या सवाल करता था तो उनको बाउंसरों का डर दिखाया जाता था और उन्हें डराया धमकाया जाता था, परन्तु अब ऐसा कुछ नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि पूर्व ठेकेदार राजू गुंडागर्दी करके यहां से ज्यादा पैसे वसूलता था और उस पर कार्रवाई होनी चाहिए और साथ ही उन्होंने सेक्रेटरी हरेंद्र गिल का भी धन्यावाद किया।
