खंबे से टक्कर के बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे, मची अफरा-तफरी
लुधियानाः शहर के शिमलापुरी इलाके में आज सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार ने रास्ते में आने वाले हर वाहन को टक्कर मारनी शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि एक कार चोर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। आरोपी ने भागने के चक्कर में एक के बाद एक करीब 7 वाहनों को टक्कर मारी और अंत में बिजली के खंभे से टकराकर रुक गया।
जानकारी मुताबिक, पुलिस को शिमलापुरी इलाके से एक सफेद रंग की बलेनो कार चोरी होने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने कार को ट्रैक करने के लिए जाल बिछाया था। सुबह करीब 11:30 बजे जैसे ही पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, तो आरोपी चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। खुद को घिरा देख आरोपी शिमलापुरी की तंग गलियों और दशहरा ग्राउंड के पास गाड़ी को अंधाधुंध भगाने लगा। इस दौरान कार ने एक बुलेट और एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बाद में कार ने 2 एक्टिवा और एक ऑटो को भी अपनी चपेट में लिया और रास्ते में खड़ी दो अन्य गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। यही नहीं बेकाबू कार एक घर की दीवार तोड़ते हुए अंत में बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा बीच से टूट गया। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।
एसएचओ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कार चोरी की शिकायत पर पुलिस उसका पीछा कर रही थी। आरोपी ने बचने के लिए कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसे संबंधित चौकी ले जाया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी के साथ इस चोरी में और कौन-कौन शामिल था। गनीमत यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन लोगों के वाहनों का भारी नुकसान हुआ है।
