हांसीः जिले के नारनौंद में एक घर में आग लगने का मामला सामने आया है। घटना में परिवार का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। यह घटना नारनौंद के शांति अस्पताल वाली गली में हुई।
जानकारी देते पीड़ित परिवार की बेटी काफी लोहान ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उनके घर से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में भयंकर आग में बदल गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कमरे के अंदर दम घुटने लगा और कोई भी अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। आसपास के लोगों ने तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। नुकसान का सही अनुमान अभी नहीं लग पाया है।
फायर ऑपरेटर सुनील के साथ रोडवेज कर्मचारी हरिओम और जगदीश ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। पीड़ित की बेटी ने बताया कि उनके पिता नरेश का करीब 14 साल पहले निधन हो चुका है। तब से उनकी मां खेती करके परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। इस आगजनी से पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने प्रशासन से सहायता और मुआवजे की मांग की है।
