इंसाफ की लगाई गुहार, बोले – कोर्ट में चल रहा है केस
लुधियानाः शहर के कॉलेज रोड इलाके में एक परिवार को घर से बेदखल कर मकान गिराने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। परिवार ने आरोप लगाया है कि निजी कंपनी ओमेक्स ने पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए उन्हें घर से बाहर निकाल दिया और मकान को डिमोलिश कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अभी उनका कोर्ट केस चल रहा है, फिर भी कंपनी ने बिना किसी सूचना के इस कार्रवाई को अंजाम दे दिया जिससे अब वह सड़क पर आ गए हैं।
पीड़ित महिला परविंदर कौर ने बताया कि उनका परिवार पिछली 4 पीढ़ियों से कॉलेज रोड स्थित इस मकान में रह रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि ओमेक्स के प्रतिनिधि पुलिस टीम के साथ उनके घर पहुंचे और बिना पर्याप्त समय दिए उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद मकान को गिरा दिया गया। परविंदर कौर के अनुसार, इस दौरान पुलिस पर उनके बेटे के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में दो बेटियां और दो बेटे हैं, जो अब बेघर हो गए हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए अपना घर वापस दिलाने की मांग की है।
वहीं, स्थानीय निवासी भूपिंदर सिंह ने भी इस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि इलाके में ओमेक्स एक नया प्रोजेक्ट लेकर आ रहा है, जिसके तहत इस घर को गिराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस टीम के साथ मिलकर परिवार को जबरन बाहर निकाला गया और रात के समय उन्हें बिना किसी सुरक्षा के छोड़ दिया गया है।
भूपिंदर सिंह के मुताबिक, घटना के समय परिवार का मुखिया अदालत में मामले की तारीख पर गया हुआ था, और इसी दौरान पीछे से यह कार्रवाई की गई। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही गुरदीप सिंह गोशा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के साथ खड़े होते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और पीड़ितों को इंसाफ दिलाने की मांग की।
फिलहाल इस मामले में पुलिस या ओमेक्स की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना को लेकर इलाके के लोगों में रोष है और प्रशासन से पारदर्शी जांच की मांग की जा रही है।
