मनीलाः दक्षिणी फिलीपींस में एक बड़ा विमान हादसा होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक निजी विमान छह नागिरकों को लेकर जा रहा था। इस दौरान अनियंत्रित होकर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव दल ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है कि विमान में सवार विदेशी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में से किसी की जान गई है या नहीं।
ये हादसा दावाओ डेल सुर प्रांत के डिगोस शहर के निकटवर्ती इलाके में पेश आया। घटना की पुष्टि करते डिगोस शहर की आपदा प्रबंधन एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी जोमार कैलेडो ने बताया कि विमान के क्रैश होने की सूचना मिलते ही त्वरित बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। राहत एवं बचाव दल दुर्घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और मलबे के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी हैं।
स्थानीय प्रशासन और उड्डयन अधिकारियों का कहना है कि विमान में सवार छह विदेशी नागरिक किस देश के थे और यात्रा का गंतव्य क्या था, इस संबंध में विस्तृत ब्योरा जुटाया जा रहा है। इसके साथ ही यह तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या फिर खराब मौसम के चलते प्लेन दुर्घटना का शिकार हुआ, इसके वास्तविक कारणों की पड़ताल के आदेश दे दिए गए हैं। राहत एवं बचाव दल विमान में मौजूद लोगों की स्थिति स्पष्ट करने में जुटे हैं और आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही हताहतों की सही जानकारी सामने आ सकेगी।
