जालौरः राजस्थान के जालौर जिले में आवारा पशुओं का कहर जारी है। जिसमें से एक घटना जालौर की है और दूसरी घटना चितलवाना कस्बे की है। दरअसल, जालौर में बेकाबू सांड के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।”बताया जा रहा है कि बुजुर्ग की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार चल रहा है।
वहीं चितलवाना कस्बे में बेसहारा बैल के हमले में बुजुर्ग की मौत हो गई। यह घटना वीरवार की है। जहां बैल ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में बेसहारा पशुओं के बढ़ते आतंक को लेकर भय का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 72 वर्षीय बुजुर्ग नगसिंह राजपूत गुरुवार को अपने घर जा रहे थे।
रास्ते में घूम रहे एक बेसहारा बैल ने उन पर अचानक हमला कर दिया। बैल ने बुजुर्ग को उछाल दिया, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत नाजुक बनी रही। शाम को इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक छा गया।
