रायपुरः छत्तीसगढ़ के रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल नामक शॉप में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। घटा को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों द्वारा आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। शोरूम के अंदर बड़ी मात्रा में गाड़ियों के स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक का सामान और लुब्रिकेंट्स (ज्वलनशील तेल) रखे हुए थे, जिससे आग फैली है।
आग पर काबू पाने अब तक फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों की मदद ली गई है। जेसीबी से दीवार तोड़कर टीम अंदर घुसी है। फिलहाल आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। जानकारी के मुताबिक मौदहापारा थाने के सामने स्थित जया ऑटोमोबाइल में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और दुकान का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है।
हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही और आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। आग बुझने के बाद दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। प्रशासन और फायर विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। आज शहर में फिल्टर प्लांट की वजह से पानी सप्लाई प्रभावित है। ऐसे में चुनौती और ज्यादा है, फिलहाल तालाब से पानी लाकर आग बुझाई जा रही है। नया रायपुर से भी फायर ब्रिगेड बुलाई गई हैं।
