नई दिल्लीः पश्चिम विहार स्थित गायक गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग की घटना सामने आई है। हालांकि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और इसकी छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक सवार बदमाशों ने जिम को निशाना बनाते हुए करीब सात राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए हमलावरों ने जिम के बाहर पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी।
Read In English: https://encounternews.in/delhi/lawrence-bishnoi-gang-claims-responsibility-for-firing-outside-guru-randhawas-delhi-gym/
गोलियां लगने से जिम के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। वहीं एक ऑडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
इस ऑडियो में खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाला अनिल पंडित नामक व्यक्ति कथित रूप से यह कहता सुनाई दे रहा है कि गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग इसलिए कराई गई क्योंकि उनकी अभिनेता सलमान खान से नजदीकियां बढ़ रही थीं और सलमान खान गैंग का दुश्मन है। गैंग ने पहले भी गुरु रंधावा को इस बारे में चेतावनी दी थी। हालांकि वायरल पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो व पोस्ट की सत्यता भी जांच के दायरे में है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
