उज्जैनः मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास रोड स्थित श्रीगंगा होटल में देर रात बड़ा हादसा हो गया। होटल परिसर में बने फूड वेस्ट प्लांट के चैंबर में उतरने के दौरान चार लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चैंबर में सफाई या अन्य काम के लिए उतरे एक व्यक्ति के अंदर फंसने के बाद उसे बचाने के लिए तीन अन्य लोग भी नीचे उतर गए।
आशंका है कि चैंबर में गैस का रिसाव होने के कारण चारों लोग बेहोश हो गए और उनकी जान चली गई। मृतकों की पहचान वाहिद, मनोज, कमलेश और नितिन के रूप में हुई है।
श्रीगंगा होटल के पिछले हिस्से में खाने के बचे कचरे को इकट्ठा करने और उसके निस्तारण के लिए एक चैंबर बनाया गया था। देर रात एक आउटसोर्स कर्मचारी इस चैंबर में उतरा, लेकिन वह बाहर नहीं निकल सका, जिसके बाद उसे बचाने के लिए तीन अन्य लोग भी चैंबर में उतर गए। आशंका है कि वहां गैस रिसाव के कारण सभी लोग बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि होटल के कर्मचारी और बाहर से काम के लिए बुलाए गए कुछ लोग खाने के कचरे के लिए बने चैंबर में उतरे थे। शुरुआती तौर पर गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है। गैस के कारण चैंबर का फर्श भी फिसलन भरा हो गया था, जिससे लोग गिरकर बेहोश हो गए। उन्हें बचाने के लिए अंदर गए लोग भी बेहोश हो गए।
जिला कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि होटल परिसर में बने खाने के कचरे के टैंक में पहले दो लोग उतरे थे, जिसके बाद उन्हें बचाने के लिए दो अन्य लोग भी अंदर चले गए. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
