कोच्चि। पुलिस ने रविवार को बताया कि फोर्ट कोच्चि में 52 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी 78 वर्षीय मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला ने उसे शराब खरीदने के लिए पैसे देने से मना कर दिया था, जिसके बाद उसने कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान फोर्ट कोच्चि के अमरावती की रहने वाली लक्ष्मी (78) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कन्नन अक्सर अपनी मां से झगड़ा करता था और जब भी वह उसे शराब खरीदने के लिए पैसे देने से मना करती थीं, तो वह उनके साथ मारपीट करता था। FIR के मुताबिक, शनिवार रात अमरावती की विशालाक्षी लेन स्थित घर पर उसने अपनी मां के साथ झगड़ा किया,
उन्हें पीटा और लात मारी। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी इस बात से भी नाराज था कि उसकी मां ने घर का LPG सिलेंडर उसके भाई को दे दिया था। घटना के बाद रिश्तेदार और पड़ोसी उनके घर पहुंचे तो उन्हें महिला मृत मिली। इसके तुरंत बाद फोर्ट कोच्चि पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी दर्ज कर ली गई है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। रिमांड प्रक्रिया के तहत कन्नन को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
