चंडीगढ़: कर्नाटक की नवनियुक्त राज्यपाल डा. सुधा यादव रविवार को राज्यपाल बनने के बाद पहली बार अपने ससुराल गांव धामलावास (रेवाड़ी) पहुंचीं। गांव आगमन पर क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल डॉ. सुधा यादव ने हरियाणा दिवस और कर्नाटक राज्योत्सव (स्थापना दिवस) की सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि यह एक सुखद और अद्भुत संयोग है कि आज ही के दिन उनके गृह राज्य हरियाणा और कर्म राज्य कर्नाटक दोनों का स्थापना दिवस है। उन्होंने दोनों प्रांतों की निरंतर प्रगति और नागरिकों की खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल ने 26 मई 1999 के उस घटनाक्रम को याद किया, जिसने उनके जीवन की दिशा बदल दी थी। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी रही हों, लेकिन क्षेत्र के लोगों ने हमेशा मेरा भरपूर साथ दिया है। एक अध्यापिका से लेकर राज्यपाल के इस सफर में सभी का सहयोग, आशीर्वाद और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी रही है।
