जालंधर, ENS: रामा मंडी हाईवे के पास देर रात हथियारों सहित बाइक सवार 3 युवकों को काबू किया गया। हालांकि एक युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। दरअसल, बाइक सवार दोषी युवक और महिला का पीछा कर उन्हें परेशान करने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान बाइक सवार युवक ने हिम्मत दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को घेर लिया। इनमें से दो युवकों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उनका तीसरा साथी फरार हो गया। पकड़े गए युवकों के पास से एक बड़ा तेजधार हथियार (दातर) बरामद हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, युवक और महिला मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन लड़के उनका पीछा करने लगे। उनकी हरकतों से परेशान होकर युवक ने आगे जाकर उन्हें रोक लिया और लोगों की मदद से दो को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान सुच्चा पासवान और राहुल के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे डिलीवरी बॉय और पिज्जा पैकिंग का काम करते हैं।
हथियार रखने के बारे में पूछने पर उन्होंने इसे अपनी सुरक्षा के लिए साथ रखने की बात कही। उनकी बाइक के पिछले हिस्से पर नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि आगे पीबी-08-बीएस-1903 नंबर की प्लेट लगी थी। वहीं, तीसरा साथी गौरव निवासी संतोखपुरा पकड़े जाने के डर से पास के एक सुनसान प्लॉट की ऊंची दीवार फांदकर अंदर छिप गया। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों और अंधेरे में उसकी तलाश की, लेकिन वह फरार होने में कामयाब रहा। घटना के बाद पकड़े गए दोनों युवकों को लेकर लोगों में रोष है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
