जालंधर, ENS: पंजाब में आज भी सीवियर हीटवेव का अलर्ट है। अधिकतर जिलों में टेंपरेचर 41 डिग्री पार हो चुका है। वहीं आज जालंधर में तापमान 42 डिग्री पहुंच गया है। हीटवेव को लेकर डिप्टी कमिशनर वरजीत वालिया ने कहा कि पंजाब में हीट वेव को लेकर मौसम विभाग द्वारा 26 मई तक भीषण हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। आसमान से बरसती आग और लू के प्रकोप को देखते हुए मौसम विभाग द्वारा ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। हालांकि 22 से 28 मई के बीच मौसम चौंका सकता है।
इस दौरान पंजाब में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है लेकिन ज्यादातर इलाकों में मौसम सूखा रहेगा। ऐसे में जालंधर प्रशासन द्वारा हीट वेव से बचने के लिए पूरी तैयारियां की गई है। डीसी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह हीट वेव को लेकर प्रशासन द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। ऐसे में लोग उनका पालन जरूर करें। बुजुर्गों और बच्चों को दोपहर के समय घरों से बाहर ना निकलने दें। जरूरत हो तभी घरों से बाहर निकले। डीसी ने कहा कि सेहत विभाग और आम आदमी क्लीनिक में हीट वेव के दौरान तैयारियां रखी गई है। ऐसे में वह ओआरएस सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध है।
वहीं स्कूलों के समय को लेकर कहा कि अभी समय में बदलाव नहीं किया गया, लेकिन स्कूलों को हिदायतें दी गई है कि किस प्रकार बच्चों को इनडोर में रखा जाए और आउटडोर एक्टिविटी पर रोक लगाई जाए। वहीं एजुकेशन डिपार्टमेंट को बच्चों को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। इस दौरान बच्चों और बुजुर्गों से हीट वेव के दौरान बचने की अपील की है और अधिक नींबू पानी, ओआरएस, सहित अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की अपील की गई है। बता दें कि, गर्मी से राहत पाने के लिए शहर में गन्ने के जूस की रेहड़ियों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। बाजारों और चौकों पर लगी जूस की रेहड़ियों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। वहीं डाक्टरों ने इस तेज धूप में लोगों को बिना वजह बाहर न निकलने की सलाह दी है।
