दो मत्स्य सहकारी सभाओं के अध्यक्षों सहित चार प्रगतिशील किसानों को मिला सम्मान
ऊना: विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर मंदली में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मत्स्य पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और सहकारी सभाओं के अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने की। इसमें जिला भर से 100 से अधिक मत्स्य पालकों, मछुआरों, मत्स्य उद्यमियों और युवाओं ने भाग लिया।
समारोह में दोबड़ और मंदली मत्स्य सहकारी सभाओं के अध्यक्षों को बेहतर प्रबंधन और सहकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं, ऊना, गगरेट, अंब और बंगाणा विकास खंडों से चयनित चार प्रगतिशील मत्स्य पालकों को भी सम्मानित किया गया। इन किसानों ने आधुनिक तकनीकों को अपनाकर मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया है।
कार्यक्रम में एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने मत्स्य पालकों और उद्यमियों से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक मत्स्य पालन, ऊना विवेक शर्मा ने विभाग की विभिन्न कल्याणकारी और अनुदान आधारित योजनाओं की जानकारी दी। वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी राम सिंह ने जिला में विभाग की ओर से करवाए जा रहे मत्स्य विकास कार्यों और बुनियादी ढांचे की प्रगति से अवगत करवाया। वहीं, मंदली के मत्स्य उपनिरीक्षक विवेक कमल ने जलाशय मत्स्य पालन से जुड़ी योजनाओं और मछुआरों के उत्थान के लिए चलाई जा रही गतिविधियों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने मत्स्य पालन की आधुनिक तकनीकों को अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, मत्स्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण युवा उपस्थित रहे।

