जालंधर, ENS: शहर में देर रात पंजाब पुलिस की डीजीपी गुरप्रीत कौर दियो ने पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के साथ थाना डिवीजन नंबर-7 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एडीसीपी आकर्षि जैन और एसीपी मनमोहन सिंह भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान डीजीपी दियो ने थाने का पूरा रिकार्ड चेक किया और विभिन्न मामलों की जांच की स्थिति की जानकारी ली। इससे पहले डीजीपी दियो पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के साथ पारस अस्टेट भी गई थीं।
करीब आधे घंटे तक पुलिस अधिकारी थाने में मौजूद रहे। इस दौरान लंबित मामलों, जांच प्रक्रिया और रिकार्ड प्रबंधन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने थाना स्टाफ से विभिन्न मामलों को लेकर जानकारी भी हासिल की। डीजीपी दियो ने कुछ मामलों में बेहतर कार्यप्रणाली और रिकार्ड प्रबंधन को लेकर पुलिस कर्मचारियों की सराहना की। साथ ही उन्होंने जांच प्रक्रिया को और मजबूत बनाने तथा मामलों के जल्द निपटारे के लिए आवश्यक निर्देश दिए। डीजीपी दियो के अचानक निरीक्षण से थाना स्टाफ में हलचल बनी रही।
