खजुराहोः झांसी-खजुराहो फोरलेन पर स्थित देवगांव टोल प्लाजा पर डंपर को आग लगने का मामला सामने आया है। आग इतनी तेज थी कि डंपर करीब एक घंटे तक धू-धू कर जलता रहा, जिससे टोल प्लाजा को भी नुकसान पहुंचा।
जानकारी मुताबिक, बमीठा से छतरपुर की ओर जा रहा यह डंपर आज सुबह करीब 8 बजे जैसे ही टोल प्लाजा पर पहुंचा, उसमें अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट या कोई अन्य तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। डंपर चालक ने केबिन में रखे कंबल से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरा डंपर जलकर खाक हो गया। डंपर में लगी आग के कारण टोल प्लाजा को भी काफी क्षति हुई है। टोल प्लाजा का सेंसर बैरियर और बूथ भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना से टोल प्लाजा को लगभग 2 से 3 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के लगभग एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गणिमत यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
