जालंधर, ENS: पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए भगवंत मान सरकार लगातार कड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बैठक की। मंत्री मोहिंदर भगत ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों पर पूरे पंजाब से नशा तेजी से खत्म किया जा रहा है और अब नशा तस्करों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई हो रही है। पुलिस कमिश्नर ने कुछ लीड गए नशा तस्करों के अड्डों पर एक महीने के भीतर कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। कैबिनेट मंत्री महेंद्र भगत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरे पंजाब के कोने-कोने से नशे को जड़ से खत्म किया जा रहा है।
सरकार इस मुहिम पर बहुत ही तेजी और गंभीरता के साथ काम कर रही है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जहां हर शहर, गांव और गली-मोहल्ले में सरेआम नशा बिकता था, वहीं अब आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की है। कैबिनेट मंत्री ने कहा की एक समय था जब नशा तस्कर खुलेआम घूमते थे, लेकिन आज वही नशा तस्कर कोर्ट-कचहरियों के चक्कर काटते हुए दिखाई दे रहे हैं। आने वाले समय में पूरा पंजाब पूरी तरह से नशा मुक्त होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पत्रकारों ने कुछ विशेष इलाकों में अब भी नशा बिकने को लेकर सवाल उठाए, तो मंत्री महेंद्र भगत ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि आपने जिन भी जगहों के बारे में जानकारी दी है, उन्हें ध्यान में रखते हुए तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर जालंधर के सीपी सतिंदर सिंह ने भी नशा तस्करों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बताए गए नशा तस्करों और देह व्यापार के अड्डों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। आप ठीक एक महीने बाद मुझसे इस पर अपडेट मांग सकते हैं। एक महीने बाद मैं आपको खुद बताऊंगा कि जालंधर से कितना नशा और देह व्यापार के अड्डो को खत्म किया गया।
