लुधियानाः महानगर में लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं वीरवार देर रात जिन युवकों को लूटपाट वाले स्नैचर समझकर कुछ लोगों ने पीटा था वह पुलिस जांच में बेकसूर निकले। पुलिस ने उन युवकों को घेर कर उनसे मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। थाना दुगरी पुलिस ने 9 के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बसंत नगर निवासी सन्नी ने बताया कि 7 मई 2026 की रात उसे उसके दोस्त अभि का फोन आया। अभि ने कहा कि उसकी मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो गया है और वह नए बने रेलवे क्रॉसिंग पुल के पास खड़ा है। इसके बाद शिकायतकर्ता अपने साथियों प्रिंस, मोनू और रवि के भाई को लेकर मौके पर पहुंचा।
शिकायतकर्ता के अनुसार वहां करीब 35 से 40 युवक मौजूद थे। आरोपियों ने पहले से ही मनीष उर्फ मोटा और अभि उर्फ लक्की को घेर रखा था और उनकी बुरी तरह पिटाई कर रहे थे। जब शिकायतकर्ता और उसके साथी वहां पहुंचे तो आरोपियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान कई मोटरसाइकिलों की भी जमकर तोड़फोड़ की गई। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें लूटपाट करने वाला बताकर जबरन थाना दुगरी पहुंचाया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बाकी की तलाश जारी है।
पुलिस ने मनजीत सिंह निवासी अंबेडकर मॉडल टाउन, गुन्ना सिंह निवासी अंबेडकर नगर मॉडल टाउन, भूपिंदर वर्मा निवासी गुरु नानक नगर, शिमलापुरी मनजोत सिंह निवासी लक्ष्मण नगर, मनवीर सिंह निवासी विशाल नगर, कृष्णा मेहता निवासी अंबेडकर नगर मॉडल टाउन को दबोच लिया है। वहीं हरप्रीत सिंह, जगरूप और मौली सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। थाना दुगरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 324(4), 191(3), 190 और 351 (2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
