जालंधर, ENS: टीवी टॉवर के पास स्थित पेट्रोल पंप पर गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। जहां बाइक सवारों ने 30 रुपए का पेट्रोल डलवा लिया, लेकिन पैसे देने को लेकर आनाकानी करने लगे। पंप कर्मी द्वारा पैसों की मांग की गई तो 3 युवकों द्वारा कर्मी से मारपीट की गई। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक युवक द्वारा डंडा हाथ लेकर मारने की कोशिश की गई।
जिसके बाद अन्य पंप के कर्मियों ने बीच-बचाव किया। दूसरी सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बाइक सवार पंप पर पेट्रोल डलवाने आए थे और बिना पैसे दिए जाने लगे। इस दौरान बाइक सवार पहले कर्मी से बहसबाजी करने लगे। जिसके बाद तीनों युवक हाथापाई करने लगे। पंप पर गुंडागर्दी का नंगा नाच देख लोग हैरान रह गए। मामले की जानकारी देते हुए पंप कर्मी मनीष ने कहाकि खुरला किंगरा के पास गुरनाम गैसों लाइन भारत पेट्रोलियम पर वह काम करता है।
बाइक सवार 3 युवक आए और 30 रुपए का पेट्रोल डलवाया। इस दौरान वह बिना पैसे दिए जाने लगे। जिसके बाद उसने जब पैसे मांगे तो कहने लगे कि पैसे कल देंगे। जिसके बाद विरोध करते हुए हाथापाई करने लगे। इस दौरान युवकों ने डंडों से हमला कर दिया। पंप पर भारी हंगामा करके बिना पैसे दिए युवक मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने कहाकि वह घटना संबंधी मालिक को अवगत करवाएंगे और वहीं पुलिस को शिकायत करेंगे।

