अंबालाः हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी पर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हमला होने का मामला सामने आया है। डिंपल चौधरी ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह रोती हुई नजर आ रही हैं। डिंपल चौधरी का दावा है कि यूपी के बुलंदशहर में उन पर हमला किया गया। उनका कहना है कि 2 युवकों ने डंडा मारकर गाड़ी का फ्रंट शीशा तोड़ दिया। पहले भी उन्हें फोन पर धमकियां मिल चुकी हैं। डांसर का कहना है कि वह इस मामले में पुलिस को शिकायत देंगी। डिंपल चौधरी का एक रोते हुए वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कह रही हैं, “बेशर्मी की भी एक हद होती है।
View this post on Instagram
मैं मेरी बहन के घर जा रही थी। मेरी गाड़ी का ये हाल कर दिया।” डिंपल ने कहा कि हमले के बाद मैं काफी घबरा गई थी। मैं बेसुध हो गई, जिसके चलते अस्पताल ले जाना पड़ा। पहले भी मुझे धमकी मिली थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अब पुलिस किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है। डिंपल चौधरी ने बताया कि मैं अपनी छोटी बहन के पास जा रही थी। रास्ते में सिकंदराबाद में ही एक सीएनजी पंप पर रुकी थी। जहां मेरे भाई ने कोल्ड ड्रिंक और चिप्स खरीदे थे। इसके बाद मैं सिकंदराबाद में ही अपनी बहन के घर के लिए रवाना हुई।
इस दौरान मेरी एक फ्रेंड का भी फोन आ रहा था तो उससे बात हो रही थी। इस दौरान रात करीब 11:30 बजे जानलेवा हमला हुआ। हमलावरों ने ब्रेजा गाड़ी को निशाना बनाया। उसके बाद बाइक सवार दोनों मौके से भाग गए। मेरा छोटा भाई और ड्राइवर डर की स्थिति में मुझे वहां से लेकर नवीन अस्पताल पहुंचे। इसके बाद मैं अपनी बहन के घर नहीं गई और अपने घर लौट आई। पीड़िता के अनुसार गाड़ी पर हमले के दौरान मेरे पास न तो कोई बॉडीगार्ड था और न ही गाड़ी में किसी प्रकार का कोई हथियार था। ऐसे में हमला करने वाले लोग उन्हें जान से भी मार सकते थे। सबसे पहले आज थाने में शिकायत दी जाएगी और उसके बाद कल SP से मिलेंगे।

