नई दिल्लीः राजधानी के पश्चिम विहार इलाके में पंजाबी गायक गुरु रंधावा के 24 एचएस फिटनेस जिम पर हुई फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 शूटरों को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हकीकत और सागर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 11 जून को जिम के बाहर हुई गोलीबारी के बाद दोनों लगातार फरार चल रहे थे। इनकी गिरफ्तारी के साथ अब इस मामले में शामिल सभी चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी पश्चिमी दिल्ली में किसी नई आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलने पर स्पेशल सेल की टीम ने इलाके में घेराबंदी की। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित रूप से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान हकीकत और सागर के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस ने उनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। इससे पहले इस मामले में अरमान (19) और तुषार उर्फ ताशु उर्फ पिंकू (21) को हरियाणा के बहादुरगढ़ से अपराध शाखा द्वारा गिरफ्तार किया गया था।
जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी गैंगस्टर अनिल पंडित के संपर्क में थे। अनिल पंडित फिलहाल अमेरिका में मौजूद है और उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य माना जाता है। पुलिस के अनुसार, जिम पर हुई गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की गई थी, जिसमें अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।

