जालंधर, ENS: लैदर कॉम्प्लेक्स रोड पर नगर निगम के टिप्पर की चपेट में आने से एक्टिवा सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 साल के मिंटू उर्फ मनी के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक टिप्पर चालक मौके से भाग लिया और घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने एक्सीडेंट की सूचना थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि मिंटू मल्ली अपनी एक्टिवा पर सवार होकर मार्केट की तरफ जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय पार्षद के अनुसार, यह हादसा नगर निगम की उस गाड़ी (टिप्पर) से हुआ जो कूड़े के डंप से वापस लौट रही थी। टिप्पर ने एक्टिवा को साइड मारी, जिसके बाद मिंटू संतुलन खो बैठे।
हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वार्ड नंबर 60 के पार्षद गुरजीत सिंह घुम्मन ने बताया कि मिंटू एक्टिवा पर सवार होकर अपनी दुकान की ओर जा रहा था कि उसी दौरान नगर निगम का टिप्पर ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके पर रुकने की बजाय टिप्पर ड्राइवर वाहन समेत मौके से भागने में कामयाब रहा। एक्टिवा सवार व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक मिंटू मल्ली का इलाके में काफी प्रभाव था और डंप रोड पर उनकी कई दुकानें भी हैं। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया।
जिसकी सूचना उन्होंने स्थानीय पुलिस को दी सूचना पाकर मौक़े पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि उनकी टीम को एक्सीडेंट होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में नगर निगम के वाहनों की रफ्तार और लापरवाही को लेकर काफी गुस्सा देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
