जालंधर, ENS: गदईपुर में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां घर के बाहर खेल रहा 4 वर्षीय बच्चा ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गया। इस हादसे में बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद फेज पुत्र जाबीर अहमद निवासी गदईपुर के रुप में हुई है। दरअसल, हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे उपचार के लिए जब परिजन अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली चालक को काबू कर लिया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली बैक करते समय यह हादसा हुआ है।
बच्चे के पिता जाबीर अहमद ने बताया कि बेटा फेज अक्सर घर के बाहर ही खेलता था। घटना के दौरान भी अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ और बच्चे की मौत हो गई। पिता ने कहा कि अचानक चालक स्पीड से ट्रैक्टर ट्रॉली बैक करता आया और उसने बेटे को रौंद दिया। हादसे में बेटे का टायर के नीचे सिर आने से वह गंभीर घायल हो गया।
आनन फानन में उसके परिजन व पड़ोसी उसे अस्पताल ले गए लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली चालक को काबू करके पुलिस को सूचना दी जिसके बाद थाना आठ की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और ड्राइवर को काबू कर लिया। एएसआई राजपाल सिंह ने बताया कि ड्राइवर की पहचान अमोद शर्मा पुत्र भूपिंदर शर्मा निवासी मकसूदां के रुप में हुई है। उन्होंने कहा कि बच्चे के पिता के बयानों पर अमोद खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।