जालंधर, ENS: जालंधर-गोराया नेशनल हाईवे पर स्थित ड्राइविंग टेस्ट सेंटर के पास सड़क हादसा हो गया। इसमें बाइक सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के मुताबिक, स्प्लेंडर बाइक पर सवार दोनों युवक फिल्लौर की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
हादसे की सूचना एक राहगीर ने तुरंत सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) को दी। सूचना मिलते ही SSF टीम के इंचार्ज सरबजीत सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जवानों ने बिना समय गंवाए सड़क पर घायल पड़े दोनों युवकों को प्राथमिक इलाज (फर्स्ट एड) दिया और तुरंत 108 एंबुलेंस व नेशनल हाईवे की एंबुलेंस को मौके पर बुलाया।
इसके बाद दोनों घायलों को सिविल अस्पताल फगवाड़ा में भर्ती करवाया गया। SSF इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि घायलों के पास मिले पहचान पत्रों (ID कार्ड) के आधार पर उनकी शिनाख्त की गई है। टीम ने संबंधित गांव के सरपंच से संपर्क कर युवकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। उन्हें सिविल अस्पताल फगवाड़ा पहुंचने के लिए सूचित कर दिया है।

