पांच लोग घायल, कटर से कार काटकर निकाला फंसा व्यक्ति
ऊना,सुशील पंडित: उपमंडल अंब के तहत ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिलवां पंचायत के पास मंगलवार को कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार ऋतिक राणा निवासी अंदोरा की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक व्यक्ति उसमें फंस गया। उसे कटर की मदद से कार को काटकर बाहर निकाला गया। घायलों में से दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग रेलवे स्टेशन अंब के समीप रहने वाले बताए जा रहे थे और अंब की ओर जा रहे थे। वहीं, पिकअप में सवार श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने के बाद नैनादेवी मंदिर जा रहे थे। पिकअप में अभिजीत सिंह पुत्र गोपी निवासी बासी, अमृतसर भी सवार था। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, कार चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार विपरीत दिशा में जाकर सामने से आ रही पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण, दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
कार में फंसे व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए कटर की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद उसे वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। हादसे में घायल लोगों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने ऋतिक राणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
हादसे में शामिल लोगों की पहचान देवेंद्र पुत्र भोला शंकर निवासी अंदोरा, मयंक ठाकुर पुत्र बलविंदर सिंह निवासी अंदोरा, कृष पुत्र बलविंदर कुमार निवासी अंदोरा, आर्यन पुत्र सुशील कुमार निवासी अंदोरा, ऋतिक राणा निवासी अंदोरा तथा अभिजीत सिंह पुत्र गोपी निवासी बासी, अमृतसर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। हादसे की जांच की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

