नई दिल्लीः इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर खड़े एयर इंडिया के 3 विमान तेज आंधी और बारिश के कारण एयरपोर्ट पर रखे उपकरणों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है।
सूत्रों ने बताया कि रविवार शाम अचानक तेज हवा चलने लगी। इसी दौरान विमानों के पास रखे भारी ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट 3 विमानों से टकरा गए, जिसके चलते विमानों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद तीनों विमानों को जांच के लिए सेवा से हटा दिया गया है। इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि तेज हवा या तूफान को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन की तरफ से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया था। ऑपरेटर ने बताया कि अचानक खराब मौसम के कारण एयर इंडिया इंजीनियरिंग और इंडिगो के ग्राउंड इक्विपमेंट अपनी जगह से हट गए और टर्मिनल-2 पर खड़े विमानों से जाकर टकरा गए।
एयर इंडिया ने इस घटना पर कुछ भी बोलने से इनकार किया है। हालांकि, एयरलाइन के एक सूत्र ने कहा कि खराब मौसम की वजह से एयर इंडिया के 3 प्लेन के साथ-साथ दूसरे ऑपरेटरों के एयरक्राफ्ट भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिन 3 एयरक्राफ्ट पर असर पड़ा है, उनमें से 2 जल्द ही ऑपरेशन में वापस आ जाएंगे, जबकि तीसरे को ठीक होने में थोड़ा और वक्त लगेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान इस मौसम के औसत से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से 0.1 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को आमतौर पर आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है।
