ऊना/सुशील पंडित : भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की प्रतिष्ठित ‘आशा स्कॉलरशिप योजना’ के तहत ग्राम पंचायत रायपुर सहोडा के दो मेधावी विद्यार्थियों का चयन होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। चयनित विद्यार्थियों में कृष्ण (पुत्र मोनिका देवी) तथा सिमरन कौर (पुत्री राजीव कुमार) शामिल हैं। दोनों विद्यार्थी राजकीय उच्च विद्यालय रायपुर सहोडा के छात्र रहे हैं तथा हाल ही में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। विद्यालय के तत्कालीन मुख्याध्यापक मदन लाल धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि एसबीआई की प्लेटिनम जयंती के अवसर पर बैंक द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए ‘बड्डी फॉर स्टडी’ पोर्टल के माध्यम से आशा स्कॉलरशिप हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे। विद्यालय की ओर से नवमी कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले पांच विद्यार्थियों के आवेदन करवाए गए थे, जिनमें से कृष्ण और सिमरन कौर का चयन हुआ है।
उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को एसबीआई की ओर से 15,000 रुपये प्रतिवर्ष की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपनी शिक्षा को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकेंगे। यह प्रोत्साहन राशि विद्यार्थियों को जमा दो तक की पढ़ाई के दौरान उपलब्ध होगी। इसके पश्चात यदि विद्यार्थी अच्छे अंकों के साथ उच्च शिक्षा या किसी अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेते हैं, तो उन्हें आगे भी आर्थिक सहायता जारी रखी जा सकती है। मदन लाल धीमान ने बताया कि जिला ऊना के रायपुर सहोडा स्थित राजकीय उच्च विद्यालय इस योजना के तहत विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन करवाने वाला क्षेत्र का एकमात्र विद्यालय रहा है। एसबीआई द्वारा आयोजित ऑनलाइन साक्षात्कार प्रक्रिया में दोनों विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयन प्राप्त किया। गौरतलब है कि वर्तमान में मदन लाल धीमान बतौर प्रिंसिपल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छेत्रां (हरोली) में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
चयनित छात्रा सिमरन कौर ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह भविष्य में यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं और यह छात्रवृत्ति उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ग्राम पंचायत प्रधान पूजा सहोड़, विद्यालय की वर्तमान मुख्याध्यापिका परमजीत कौर, समस्त अध्यापक वर्ग एवं स्टाफ सदस्यों ने दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर उन्हें तथा उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों विद्यार्थी भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, गांव और जिले का नाम रोशन करेंगे।
