समाजसेवी हंसराज चंदेल रहे मुख्यातिथि
बद्दी, सचिन बैंसलः दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पट्टा बाड़ियाँ के गांव बरागू में पारंपरिक कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में क्षेत्र के कई पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में समाजसेवी हंसराज चंदेल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
दंगल का फाइनल मुकाबला सुल्तान और आर्यन के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सुल्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। विजेता पहलवान को आयोजकों एवं मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर हंसराज चंदेल ने आयोजकों को अपनी ओर से 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि कुश्ती दंगल भारत की प्राचीन खेल परंपरा का हिस्सा है, जिसे संरक्षित और प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता है।
ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलती है और उनमें अनुशासन, मेहनत तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया तथा आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
