श्री मुक्तसर साहिबः मलोट के गांव झोरड़ में शर्मसार करने वाली सजा देने की घटना सामने आई। इस घटना का वीडियो सामने आने पर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दरअसल, मोबाइल छीनने के आरोप में अनुसूचित जाति के 2 युवकों को ग्रामीणों ने रस्सी से बांध अर्द्धनग्न कर गांव में घुमाया और खेतों में घसीटा। जिसके बाद दोषियों को पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना में पुलिस ने मोबाइल लूटने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार करने के साथ ही दूसरे पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मलोट के डीएसपी जसपाल सिंह धालीवाल ने बताया कि वरिंदर साहनी के बयान पर गुरविंदरपाल सिंह और संदीप सिंह निवासी झोरड़ के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इसी तरह गुरविंदरपाल की मां की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट, मारपीट और घर से जबरन उठाने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि नामजद आरोपियों में हरदीप सिंह, अवतार सिंह, रिंपा सिंह और मनप्रीत सिंह उर्फ बिल्ला हैं। सभी आरोपी गांव झोरड़ के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार फिलहाल सभी आरोपित फरार हैं, जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। इसी बीच युवकों से मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने का पंजाब राज्य एससी आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एसएसपी मुक्तसर और डीएसपी डी को नोटिस जारी कर 9 जून तक जवाब मांगा है।
दरअसल, नेपाल के जिला सरलाही स्थित मानपुर नगर निवासी मजदूर वरिंदर साहनी ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 10 बजे वह खेत में काम कर रहे साथियों के लिए खाना लेकर जा रहा था। झोरड़-रामनगर रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया। शोर मचाने पर खेत में मौजूद अवतार सिंह ने आरोपियों को पहचान लिया। वरिंदर अपने साथी रामचंदर के साथ झोरड़ गांव पहुंचा तो दोनों दोषी पंचायत घर में मिले। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुरविंदरपाल सिंह के घर खड़ी बाइक में है लेकिन वहां मोबाइल नहीं मिला। इसके बाद दोनों भागकर खेतों में घुस गए।
पीछा करने पर गांव के अन्य लोग भी जुट गए। धक्का-मुक्की में आरोपियों के कपड़े फट गए। वहीं, गुरविंदरपाल की मां जसपाल कौर ने बताया कि उनका बेटा गलत संगत में पड़ नशे का आदी हो गया। उन्होंने उसका उपचार भी करवाया लेकिन वह फिर से बुरी संगत में पड़ गया। घटना वाले दिन उसका बेटा घर में सो रहा था, तभी 6-7 लोग उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए। पहले खेतों में घसीटा और मारपीट की फिर रस्सियों से बांधकर अर्द्धनग्न हालत में गांव में घुमाया। जब वह बेटे को बचाने के पहुंची तो उससे भी मारपीट की गई।
