उदयपुरः शहर से एक दुखद मामला सामने आया है। जहां, नाबालिग बेटी के सुसाइड की कोशिश के बाद हॉस्पिटल जा रहे पिता और बेटे की बाइक निर्माणाधीन पुलिया पर बेकाबू होकर सीमेंट के पाइप से टकरा गई। इससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना में उनका बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद मृतक के रिश्तेदार और ग्रामीण पुलिया बनाने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पूरी खुदी हुई है। रात में रोशनी की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण ये हादसा हुआ है। हंगामा बढ़ता देख डीएसपी जगदीश बिश्नोई मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश के प्रयास जारी हैं।
जानकारी देते एएसआई ने बताया कि मृतक का बड़ा बेटा और भाई नाबालिग लड़की को हॉस्पिटल लेकर जा रहे थे। पीछे बाइक पर 50 वर्षीय पिता और 24 वर्षीय बेटा हॉस्पिटल पहुंच रहे थे। उमरड़ा-आम्बुआ रोड पर अंधेरा होने से बाइक अचानक गड्ढे में गिर गई और फिर सीमेंट के बड़े पाइप से टकरा गई। हादसे में पिता को गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल बेटे का इलाज जारी है। रात में मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि मृतक पिता की 17 वर्षीय बेटी ने बीती रात फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड की कोशिश की थी। इसके बाद परिजन उसे तुरंत एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर लिया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
