मुंबईः दादर पश्चिम इलाके में सोमवार दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरअसल, वीर कोतवाल गार्डन और प्लाजा सिनेमा के पास तेज गति से आ रही BEST बस (रूट नंबर 463/31) ने 3 दोपहिया वाहनों और 2 कारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बिना रुके बस भगाते हुए ले गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हैं, एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें सबकुछ साफ नजर आ रहा है।
हादसे में कुल 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत सायन हॉस्पिटल भेजा गया। सायन हॉस्पिटल के एएमओ डॉ. रणधीर के अनुसार, अस्पताल लाए गए 4 लोगों में 1 अज्ञात युवक (उम्र करीब 22 से 25 वर्ष) का है, अस्पताल पहुंचने पर उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की पहयान के प्रयास किया जा रहे हैं, ताकि उसके परिजनों को सूचना दी जा सके। इसके अलावा ऋषभ गुप्ता (उम्र 25 से 30 वर्ष) के सिर पर गंभीर चोट आई है। ऋषभ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
सतीश वाघमारे (48) बेस्ट विभाग में इंस्पेक्टर हैं। हादसे में उनके सीने और कमर में चोट आई है। उनका इलाज चल रहा है। महेश दोईफोड़े (50) के बाएं कंधे पर चोट आई है और शरीर के अंदरूनी हिस्से में भी गंभीर चोट लगी है। उनका भी इलाज किया जा रहा है। वीर कोतवाल गार्डन और प्लाजा सिनेमा के पास सड़क पर कुछ गाड़ियां व बाइक सवार रुके हैं। इसी बीच पीछे से आई तेज रफ्तार BEST बस दो चार पहिया और तीन दो पहिया वाहनों को रौंदते हुए चली गई।
