पंचकूलाः पिंजौर के गांव खोल फतेह सिंह के स्थानीय युवाओं ने गर्मी के मौसम में वन्य जीवों की मदद के लिए सराहनीय पहल की है। गांव के युवाओं और ग्रामीणों ने मिलकर जंगल में बनी तालाबनुमा जोहड़ी में पानी डलवाने का कार्य शुरू किया है, ताकि जंगली जानवर अपनी प्यास बुझा सकें। जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों में कुलबीर सिंह, वीर सिंह, सतनाम सिंह, जयपाल सरपंच, हैप्पी सिंह, चन्नी सिंह, मनजीत सिंह, विक्की सिंह आदि ने बताया कि जंगल में एक पुराना तालाब बना हुआ है, जहां आसपास के जंगली जानवर गर्मी के दिनों में पानी पीने के लिए आते हैं। लेकिन इस बार पड़ रही भीषण गर्मी के कारण तालाब पूरी तरह सूख गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी पानी की कमी के चलते वहां जंगली जानवरों के कंकाल मिले थे, जिसके बाद गांव के लोगों ने यह फैसला लिया कि हर साल गर्मियों में तालाब में पानी डलवाया जाएगा।
स्थानीय युवाओं व ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने प्रशासन से भी तालाब में पानी की व्यवस्था करवाने की मांग की थी, लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद गांव के लोगों ने आपस में सहयोग कर अपने निजी खर्चे से पानी के टैंकर मंगवाकर तालाब में पानी डलवाना शुरू किया। उन्होंने बताया कि यहां करीब 100 पानी के टैंकर डलवाये जाएंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में रहने वाले जानवर भी प्रकृति का हिस्सा हैं और उन्हें भी गर्मी में पानी की जरूरत होती है। गांव के युवाओं की इस पहल की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से क्षेत्र वासियों से अपील की है कि जो भी इस पुण्य के कार्य में अपनी भागीदारी निभाना चाहता है वह यहां पर पानी का टैंकर डलवा सकता है।
