नूूंहः गो-तस्करों ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की, जिसके दौरान पुलिस ने उनका पीछा किया। इस दौरान हरियाणा के नूूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के समीप पुलिस और गो-तस्करों के बीच गोलियां चली। इस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गो-तस्कर असलम पुत्र इब्राहिम, निवासी मांदोसर (मध्य प्रदेश) के बाएं पैर में गोली लगी। हालांकि आरोपी का एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 5 गोवंश सुरक्षित बरामद किए हैं।
इसके साथ ही एक पिकअप वाहन, एक देसी कट्टा और कारतूस भी कब्जे में लिया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए नल्हड़ स्थित शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पुन्हाना सीआईए की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गो-तस्करी से जुड़े एक वाहन के गुजरने की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन पिकअप चालक पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर भाग निकला।
पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। यह वाहन अंबेडकर चौक से होते हुए बाड़ी कोठी क्षेत्र के पास जाकर पलट गया। वाहन पलटने के बाद उसमें सवार एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि चालक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चालक के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी पुलिस और गो-तस्करों के बीच आधा दर्जन मुठभेड़ हो चुकी हैं। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
