कैथलः शहर के होटल में लूट और छीना झपटी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते आरोपियों को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार शनिवार अल सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच फिल्मी अंदाज में मुठभेड़ हुई। आरोपी शहर में वारदातों के बाद शहर छोड़कर भाग रहे थे, जिसकी सूचना पुलिस की मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों का पीछा लेकिन इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायर कर दिए। इस फायरिंग में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी। जबकि एक साथी भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि चौथे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी क्राइम और डीएसपी मुख्यालय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी की। फरार आरोपी की तलाश में जिलेभर में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सीआईए और एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) टीम को सूचना मिली थी कि चार युवकों ने देर रात एक होटल में हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। आरोप है कि इसके बाद सुबह करीब साढ़े चार बजे आरोपियों ने शहर क्षेत्र में एक व्यक्ति से स्कूटी और लगभग 50 हजार रुपये की नकदी भी छीन ली।
सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय हो गईं और आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। पहली मुठभेड़ कैथल शुगर मिल के समीप हुई। पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की कार्रवाई में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी। दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया गया।
कुछ समय बाद पुलिस को तीसरे आरोपी की लोकेशन गांव ग्योंग के खेतों में मिली। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान हुई दूसरी मुठभेड़ में तीसरा आरोपी भी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। घायल तीनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रारंभिक तौर पर जींद जिले के गांव खांडा निवासी अंकित, गोलू और निरंजन के रूप में हुई है। पुलिस उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि, पुराने मामलों और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
